रायबरेली। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ शनिवार को दो बार गुजरी। वजह, शुक्रवार शाम गुजरने वाली यह ट्रेन 20 घंटे लेट होने के कारण शनिवार दोपहर बाद आई। शनिवार को गुजरने वाली यही ट्रेन देर शाम को भी इधर से होकर रवाना हुई।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की समय सारिणी पूरी तरह बिगड़ चुकी है। इसके अलावा पद्मावत, पंजाब मेल समेत अन्य ट्रेनों की लेटलतीफी भी यात्रियों को काफी इंतजार करा रही है। शनिवार को दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, योगनगरी ऋषिकेश-प्रयागराज एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे और देहरादून-बनारस जनता मेल, पटना-जम्मू तवी अर्चना एक्सप्रेस व चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से आई।
आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस सवा घंटे, बनारस-देहरादून जनता मेल, लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस पौन घंटे, शक्ति नगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस और लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से पहुंची।
शुक्रवार देर रात प्रतापगढ़ से दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस चार घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे और कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों के लेट होने के कारण यहां देर से आई हैं।