हरदोई के जिलाधिकारी आनंद कुमार द्विवेदी का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वह 57 साल के थे।
2002 बैच के आईएएस अधिकारी द्विवेदी के निधन पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव, आईएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक रंजन व अन्य पदाधिकारियों, साथियों ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है।
1983 बैच के पीसीएस अधिकारी आनंद कुमार द्विवेदी वह मूल रूप से बांदा के निवासी थे। वह हरदोई के सीडीओ भी रह चुके हैं।
समाजवादी पार्टी की सरकार आने के बाद जब नवंबर 2012 में बड़ी संख्या में पीसीएस अधिकारियों को आईएएस क ॉडर में पदोन्नति दी गई थी, द्विवेदी भी प्रमोट हुए थे।
बताया जाता है कि द्विवेदी शुक्रवार को हरदोई में दोपहर बाद अपने सरकारी आवास वापस लौटे तो खाना खाने के पहले आराम के लिए अपने कमरे में चले गए।
काफी देर तक वह खाने के लिए नहीं निकले तो नौकर ने जाकर देखा, वह बेदम नजर आए। सूचना पाकर मौकेपर पहुंचे हरदोई के सीएमओ वीके गुप्ता ने डीएम की मृत्यु की घोषणा की।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डीएम द्विवेदी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने द्विवेदी को योग्य व कर्मठ अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया।
उन्होंने द्विवेदी की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। आईएएस एसोसिएशन ने द्विवेदी को अत्यंत विनम्र, कार्यकुशल व सहज अधिकारी बताते हुए हार्दिक संवेदना जताई है।
एसोसिएशन के सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि द्विवेदी का हृदयगति रुकने से निधन हो गया। एसोसिएशन ने कहा है कि द्विवेदी ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करते हुए अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने भी द्विवेदी के निधन पर गहरा दु:ख जताया है। द्विवेदी के साथ पीसीएस से आईएएस में प्रोन्नत कई अधिकारियों का कहना है कि वह काफी मिलनसार और व्यवहारकुशल थे।