माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। गोमतीनगर से शक्ति पीठ मां कामाख्या होकर डिब्रूगढ़ तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन रविवार को होगा। नियमित ट्रेन का संचालन जल्द शुरू होगा। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को 05949 डिब्रूगढ़-गोमतीनगर अमृत भारत उद्घाटन स्पेशल ट्रेन डिब्रूगढ़ से सुबह 11 बजे चलेगी। यह मोराणहाट, सिमालगुड़ी, मरियानी, फरकाटिंग, दीमापुर, दीफू, लम्डिंग, होजई, चापरमुख, जागी रोड, गुवाहाटी, कामाख्या, रंगिया, नलबाड़ी, बारपेटा रोड, न्यू बोंगाईगांव, कोकराझार, न्यू अलीपुर द्वार, न्यू कूचविहार, न्यू जलपाई गुड़ी, अलुआबारी रोड, किशनगंज, बारसोई, कटिहार, नौगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, देवरिया सदर होकर सोमवार को गोरखपुर रात पौने एक बजे होते हुए खलीलाबाद, मनकापुर, अयोध्या धाम मंगलवार की सुबह 04:20 बजे होकर अयोध्या कैंट और गोमतीनगर सुबह नौ बजे पहुंचेगी। उन्होंने आगे बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी। यह कवच सिस्टम से युक्त है। इसमें सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे आपात स्थिति में तुरंत ब्रेक लग सके।
हावड़ा दिल्ली अमृत भारत का भी ट्रायल रन आज
दूसरी ओर हावड़ा से दिल्ली के बीच वाया लखनऊ अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 22 जनवरी से शुरू होगी। इसका ट्रायल रन 18 जनवरी को हावड़ा के संतरागाछी जंक्शन से होगा। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि हावड़ा से आनंदविहार टर्मिनल(दिल्ली) के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन 18 जनवरी को होगा। स्पेशल ट्रेन संख्या 03065 संतरागाछी-आनंदविहार स्पेशल दोपहर तीन बजे रवाना होकर लखनऊ अगले दिन सुबह सवा दस बजे तथा आनंदविहार रात नौ बजे पहुंचेगी। वहीं नियमित रूप से 13065 प्रत्येक बृहस्पतिवार रात 11ः10 बजे हावड़ा से चलने के बाद शुक्रवार रात 2ः50 बजे आनंदविहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 13066 आनंद विहार टर्मिनल से प्रत्येक शनिवार सुबह 5:15 बजे प्रस्थान कर रविवार सुबह 10.50 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचेगी।