फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'सिर्फ आजम के लिए मुसलमानों की उपेक्षा कर रही है सरकार'

Sun, 14 Jun 2015 10:24 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी को हटाने व गिरफ्तार करने की मांग को लेकर रविवार को बड़े इमामबाड़े पर विरोध-प्रदर्शन किया गया। मौलाना कल्बे जव्वाद के आह्वान पर उनके समर्थकों के उमड़े जन सैलाब ने वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सपा सरकार विरोधी नारे लगाए। वहीं, जव्वाद ने कहा कि सरकार सिर्फ आजम खां के लिए पूरी कौम की उपेक्षा कर रही है।
विज्ञापन


इस दौरान मौलाना ने प्रशासन से गिरफ्तारी के लिए बसों का इंतजाम करने की अपील की, लेकिन प्रशासन गिरफ्तारी देने वालों के मुताबिक बसों का इंतजाम नहीं कर सका।

ऐसे में मौलाना ने गिरफ्तारी देने से इंकार कर दिया और सोमवार को हजरतगंज से गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है। उधर, मौलाना के समर्थन में प्रदेश के अन्य जिलों में भी प्रदर्शन किया गया।
विज्ञापन


शिया वक्फ बोर्ड के गठन व चेयरमैन वसीम रिजवी को चुने जाने से नाराज इमाम ए जुमा मौलाना कल्बे जव्वाद के नेतृत्व में बीते 15 दिन से विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। इसी विरोध के तहत रविवार को जेल भरो आंदोलन का कार्यक्रम नाजिम साहब इमामबाड़े में था, लेकिन प्रशासन के कहने पर स्थान बदल कर बड़ा इमामबाड़ा कर दिया गया।

तय कार्यक्रम के अनुसार शाम को मौलाना कल्बे जव्वाद के सैकड़ों समर्थक बड़े इमामबाड़े पर जमा हुए।  नदवा कालेज, व मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रतिनिधि भी प्रदर्शन में शामिल होने पहुंच गए।

लगे आजम खां मुरदाबाद के नारे

उधर, शिया समुदाय के बड़े जत्थे हुसैनाबाद नक्खास व मुफ्तीगंज शीश महल से निकल कर लब्बैक या हुसैन, नारा-ए-हैदरी के नारों के साथ वसीम के विरोध में बड़े इमामबाड़े पहुंच गए।

हुसैनाबाद से लेकर बड़े इमामबाड़े तक मौलाना जव्वाद के समर्थकों का हुजूम था। पुलिस प्रशासन के अलावा सुरक्षा बलों के दल भी प्रदर्शनकारियों को चौतरफा घेरे रहे। मौलाना कल्बे जव्वाद ने सरकार व आजम खां पर निशाना साधते हुए शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन को पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सरकार न सुन रही है और न देख रही है। एक आदमी के लिए पूरी शिया कौम की उपेक्षा करके दुश्मनी ले रही है। उन्होंने कहा कि  सरकार आजम के इशारे पर चल रही है। इस दौरान आजम खां मुरदाबाद के नारे लगने लगे।

मौलाना ने भीड़ के मद्देनजर गिरफ्तारी देने के लिए प्रशासन से 200 बसों का इंतजाम करने को कहा। वहीं प्रशासन की ओर से मात्र 18 बसों का इंतजाम था। मौलाना ने कहा कि सरकार उनके समुदाय के लोगों को गिरफ्तार करने के लिए बसों का इंतजाम तक नहीं कर सकी है। उन्होंने ऐसी स्थिति में गिरफ्तारी देने से इंकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि अब सोमवार की शाम हजरतगंज में गिरफ्तारी दी जाएगी। इस दौरान मौलाना हबीब हैदर, मौलाना फिरोज हैदर, व नदवा कालेज के प्रधानाचार्य मौलाना सईदुर्रहमान आजमी के अलावा मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रतिनिधियों ने मौलाना की मुहिम का समर्थन करते हुए इस विरोध प्रदर्शन में शिरकत की।
विज्ञापन

गिरफ्तारी के बाद ही भूख हड़ताल खत्म करेंगी महिलाएं

बड़े इमामबाड़े पर गिरफ्तारी से इंकार के बाद प्रदर्शनकारियों ने लब्बैक या हुसैन के नारों के साथ मातम करते हुए जुलूस निकला और छोटे इमामबाड़े पर भूख हड़ताल पर बैठी महिलाओं के साथ हुसैनाबाद इलाके को चौतरफा घेर कर सरकार विरोधी खूब नारेबाजी की।

भूख हड़ताल पर बैठी शबीह फातिमा का कहना है सरकार जब तक वसीम रिजवी को गिरफ्तार नहीं करेगी भूख हड़ताल जारी रहेगी।

विरोध प्रदर्शन व गिरफ़्तारी को महिलाएं भी थी तैयार
मौलाना कल्बे जव्वाद के समर्थन में बड़े इमामबाड़े पर पुरुषों के साथ महिलाओं का हुजूम भी जमा था।

छोटे इमामबाड़े से लेकर बड़े इमामबाड़े तक जमा सैकड़ों महिलाओं का कहना था कि शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी की गिरफ्तारी की जाए। महिलाएं भी प्रदर्शन कर गिरफ्तारी को तैयार थीं।

प्रदेश भर में मौलाना समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन
लखनऊ के अलावा प्रदेश भर में मौलाना समर्थकों ने प्रदर्शन कर शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजीव की गिरफ्तारी की मांग की।

इस दौरान मेरठ, सहारनपुर, अमरोहा, बाराबंकी, सीतापुर व अन्य जिलों में मौलाना कल्बे जव्वाद के समर्थक शाम पांच बजे सड़कों पर निकल आए और प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी को गिरफ्तार करने की मांग करते रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें