फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'आजम यूपी में सपा सरकार की लुटिया डुबोने का काम कर रहे'

Mon, 15 Jun 2015 11:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
वक्फ ए इमाम हुसैन पर सरकार कब्जा जमाना चाहती है। जिसमें प्रदेश सरकार में बैठे कौम के कुछ दलाल सौदेबाजी कर रहे हैं। यह बात मौलाना कल्बे जव्वाद ने सोमवार को गिरफ्तारी से पूर्व छोटा इमामबाड़ा में कही। मौलाना ने कहा कि कुछ मौकापरस्तों के हाथों बिक चुकी सपा सरकार खुद को खोखला कर रही है।
विज्ञापन


इमाम-ए-जुमा मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि मंत्री मोहम्मद आजम खां सपा सरकार की लुटिया डुबोने के लिए मुसलमानों की छवि को गलत तरीके से सरकार के सामने पेश कर रहे हैं।

मुसलमानों की ठेकेदारी कर रहे आजम अब कौम की ताकत को दूरबीन नहीं आंखें खोल कर देख लें। अभी मुसलमानों का एक फिरका ही सरकार के खिलाफ हुआ है जब सभी फिरके विरोधी हो जाएंगे तो सपा का सफाया हो जाएगा।
विज्ञापन


मौलाना ने कहा कि इसके अलावा शिया कौम के क्षेत्रीय दलाल मुसलमानों की नुमाइंदगी की दलाली में मस्त हैं। मौलाना ने कहा कि बुक्कल नवाब ने सरकार को खुश करने के लिए पूरे हुसैनाबाद ट्रस्ट का सौदा कर डाला।

अब यहां मजलिस व मातम पर भी पाबंदियां लगाई जाने लगी हैं। मौलाना ने कहा कि सरकार इस तरह इन दलालों व कौम के ठेकेदारों के कहने पर वक्फ खोर सीबीसीआईडी के दोषी वसीम रिजवी को चेयरमैन बना दिया।

70 बसों से पुलिस लाइन लाए गए मौलाना व उनके समर्थक

शिया वक्फ बोर्ड के गठन व हुसैनाबाद में अवैध सरकारी कब्जों से नाराज मौलाना कल्बे जव्वाद ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ गिरफ्तारी दी। इसमें बच्चे, औरतें व बूढ़े शामिल थे।

सभी ने मौलाना जव्वाद के साथ सरकार विरोधी नारे लगाते हुए गिरफ्तारी दी। सभी को 70 बसों में बिठा कर पुलिस लाइन लाया गया। मौलाना समर्थकों की मांग थी कि उन्हें जेलों में डाला जाए।

दोपहर से ही कल्बे जव्वाद के आह्वान पर हजरतगंज के बजाय छोटे इमामबाड़े पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां, शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन वसीम रिजवी व क्षेत्रीय सपा नेता बुक्कल नवाब के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए। साथ ही सरकार व पार्टी से इन्हें बाहर करने की मांग की।

चंद लोगों के इशारे पर जुल्म कर रही है सरकार

मौलाना जव्वाद ने कहा, सपा सरकार न देख रही है और न सुन रही है। सरकार कौम के चंद लोगों के इशारे पर जुल्म पर जुल्म कर रही है। सरकार ने हमारे आंदोलन को दबाने के तमाम प्रयास किए लेकिन यह आंदोलन अब नहीं रुकेगा।

उन्होंने कहा, अखिलेश सरकार व सपा प्रमुख कौम की ताकत से अंजान हैं। मुसलमान अब जाग चुका है। सपा अब कन्नौज, इटावा व आजमगढ़ तक ही सिमट जाएगी।

सरकार से लगातार गलत आदमी को चेयरमैन बनाने से रोकने का प्रयास किया। हुसैनाबाद की संपत्तियों की बर्बादी से आगाह किया जाता रहा लेकिन सरकार चंद लोगों के साथ मिल कर पूरी शिया कौम ही नहीं बल्कि मुसलमानों की उपेक्षा करती रही है।
विज्ञापन

आंदोलन को कमजोर कर रही है सरकार

मौलाना ने कहा कि सरकार व प्रशासन कम बसों का इंतजाम कर जेल भरो आंदोलन को कमजोर करने में जुटी है। हमने एक हजार बसों की मांग की थी लेकिन सोमवार को 70 बसों का ही इंतजाम किया गया। कहा, सभी लोग गिरफ्तारी देंगे। बसे नहीं हैं तो पैदल ही जेल जाएंगे।

पुलिस लाइन में भी जारी रही नारेबाजी
पैदल और बसों पर सवार होकर पुलिस लाइन पहुंचे जव्वाद समर्थकों ने पूरे रास्ते नारेबाजी जारी रखी। पुलिस लाइन पहुंचकर नारेबाजी और तेज हो गई।

देर शाम तक जेल जाने को तैयार बैठे जव्वाद व उनके हजारों समर्थक पुलिस लाइन में ही जमे रहे। जव्वाद के आह्वान पर बच्चों के साथ महिलाएं भी बड़ी संख्या में गिरफ्तारी देने पहुंची थीं। इन महिलाओं को आधा दर्जन बसों में सवार किया गया।

घरों पर ताला और सर पर बांधा कफन
मौलाना समर्थकों ने अपने घरों पर ताला डाल दिया और सिर पर कफन बांध कर प्रदर्शन के लिए निकल पड़े। उनका कहना था कि हम हजरत इमाम हुसैन की वक्फ का सौदा नहीं होने देंगे, मौलाना कल्बे जव्वाद के साथ अपनी जान न्योछावर कर देंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें