उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2018 की परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल करके लखनऊ की बिटिया ज्योति शर्मा ने शहर का नाम रोशन किया है। मूल रूप से मथुरा की रहने वाली ज्योति शर्मा इस समय अयोध्या में मिल्खीपुर ब्लॉक में बीडीओ के पद पर तैनात हैं।
उनके पिता देवेंद्र शर्मा पुलिस विभाग में हैं और लखनऊ में तैनात हैं। जबकि मां उमा शर्मा गृहिणी हैं। ज्योति शर्मा ने बताया कि पिछली बार पीसीएस परीक्षा-2017 का रिजल्ट 11 अक्तूबर को आया था। बीडीओ पद पर नाम आने से काफी निराश हुई थी।
18 अक्तूबर को पीसीएस-2018 का इंटरव्यू था। इसलिए काफी अपसेट थी, पर इंटरव्यू अच्छा हो गया। उनके अनुसार अगला लक्ष्य आईएएस बनना है। अपने जूनियर्स को ज्योति शर्मा सलाह देती है कि सिविल सेवा में तैयारी करने के लिए कड़ी मेहनत के साथ ही लगन भी जरूरी है।
अपने आलोचकों को अपने पास रखें। उनकी आलोचना को सकारात्मक रूप में लें तथा उन्हें गलत साबित करने का प्रयास करें। ज्योति की छोटी बहन कीर्ति शर्मा ओएनजीसी में वैज्ञानिक और भाई दीपक शर्मा वॉलीबॉल का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है।