लखनऊ। दिल्ली से लखनऊ आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार को फफूंद लगा खाना परोस दिया गया। आरोप है कि उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई तो क्रू सदस्यों ने दुर्व्यवहार किया। इससे मामला बढ़ गया। विमान के लखनऊ पहुंचने पर न्यायमूर्ति के साथ यात्रा कर रहे सुमित गुप्ता ने सरोजनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मामला बीते सोमवार की रात का है। दिल्ली से चलकर रात 9:40 बजे लखनऊ पहुंचने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-1720 में सीट नंबर 1ए पर न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्हें जो भोजन परोसा गया, उसमें फंगस लगा हुआ था। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई तो केबिन क्रू सदस्य मनप्रीत और प्रीति ने समस्या का समाधान करने की जगह उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। एअर इंडिया के कस्टमर सर्विस कर्मचारी सूफियान ने भी दुर्व्यवहार किया। खराब भोजन को फ्लाइट से बाहर ले जाने से भी उन्हें रोका गया। रिपोर्ट में इसे यात्रियों की सुरक्षा और अधिकारों के साथ गंभीर लापरवाही बताया गया है। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि सुमित गुप्ता की तहरीर पर सरोजनी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।