लखनऊ। निर्वाचन आयोग ने भले ही विजयी प्रत्याशियों पर जुलूस निकालने का प्रतिबंध लगाया गया हो, लेकिन सरोजनीनगर में विजयी एक ग्राम प्रधान की ओर से खुलेआम कई गाड़ियों के काफिले के साथ विजय जुलूस निकाला गया। यहां चंद्रावल ग्राम पंचायत से प्रधान पद पर विजयी महिला प्रत्याशी के समर्थकों ने मतगणना स्थल से निकलने के बाद कई चारपहिया गाड़ियां इकट्ठा कीं और बाद में इन करीब दर्जनभर चार पहिया गाड़ियों पर सवार होकर काफिले के साथ जुलूस निकालते हुए चन्द्रावल गांव पहुंचे। इतना ही नहीं चारपहिया गाड़ियों पर सवार महिला प्रधान के समर्थक पूरे रास्ते नारे लगाते रहे, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने बिल्कुल ध्यान नहीं दिया। महिला प्रत्याशी के समर्थकों ने निर्वाचन आयोग के आदेशों की जमकर खुलेआम धज्जियां उड़ाईं।
लगाया गड़बड़ी का आरोप, फिर से हुई मतगणना
सरोजनीनगर। उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल में हुई मतगणना सोमवार शाम करीब पांच बजे संपन्न हो सकी। सोमवार को पूरे दिन काफी गहमागहमी रही। जहां खुद की बढ़त बनते देख कुछ प्रत्याशी काफी खुश नजर आए, वहीं कुछ प्रत्याशी अपने मतों को नीचे खिसकते देख मतगणना स्थल से चुपचाप निकल गए। सोमवार को कई बार मतगणना का कार्य भी रुका। मतगणना में गड़बड़ी होने की आशंका को लेकर कुछ प्रत्याशी काफी परेशान भी रहे। हालांकि बाद में पुन: मतगणना चालू होने से उन्होंने राहत की सांस ली।
अधिकारियों ने बताया कि सबसे अंत में बेहटा ग्राम पंचायत से प्रधान पद की प्रत्याशी अमिता पाल को विजयी होने की घोषणा के बाद मतगणना संपन्न हो गई। सरोजनीनगर प्रभारी एसडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी के मुताबिक, दो दिन चली मतगणना के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से कार्य संपन्न हो गया और सभी पदों के विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी दे दिए गए।
दो ग्राम पंचायतों के नहीं आ सके परिणाम
सरोजनीनगर। ब्लॉक की सभी 47 ग्राम पंचायतों में से 45 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित हुए प्रधान पद की घोषणा कर दी गई लेकिन ग्राम पंचायत सराय सहजादी और भदोई के प्रधान पद का परिणाम फिलहाल अभी नहीं हो सका है। ग्राम पंचायत सराय सहजादी से प्रधान पद पर विजयी हुईं विजयलक्ष्मी की मतदान के बाद मौत हो गई थी। इस वजह से परिणाम घोषित होने के बाद भी इसका कोई मतलब नहीं रह गया है। फिलहाल अधिकारियों की माने तो इसकी सूचना निर्वाचन आयोग को दे दी गई है। वहीं भदोई ग्राम पंचायत में प्रधान पद के प्रत्याशी ओंकार मौर्या का नामांकन के बाद निधन होने से यहां प्रधान पद का मतदान रोक दिया गया था। इसके लिए तीन दिन पहले पुन: नामांकन करा दिया गया है। अब यहां 9 मई को मतदान और 11 मई को मतगणना होगी।