परिवहन निगम की बसों का किराया एक पैसा प्रति किमी सस्ता होगा। यानी यात्रियों को 100 किमी के सफर पर एक रुपये की बचत होगी।
डीजल की दरों में कमी के मद्देनजर राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने किराया घटाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।
निगम जल्द ही इसका आदेश जारी करेगा। वहीं एसटीए ने पांच अंतरराज्यीय मार्गों पर जनता की सुविधा के लिए बसों का परमिट जारी करने का फैसला किया है।
एसटीए के अध्यक्ष और परिवहन आयुक्त के. रवींद्र नायक की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह हुई बैठक में चर्चा के बाद किराया कम करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
जनहित के अन्य मामलों की सुनवाई के लिए 19 दिसंबर को एसटीए की बैठक होगी। वहीं, निगम के प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि आदेश आने के तत्काल बाद कम हुआ किराया लागू करने के साथ ही इसे इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन में फीड कर दिया जाएगा।
बिना मीटर नहीं चलेंगे ऑटो
प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर अब बिना किराया मीटर के ऑटो नहीं चलेंगे। एसटीए की शर्तों के अनुसार ऑटो में मीटर लगे होने पर ही नए परमिट जारी किए जाएंगे।
वहीं ऑपरेटरों को पुराने ऑटो में छह महीने के भीतर मीटर लगाना जरूरी होगा। एसटीए ने संभागीय परिवहन अधिकारियों को ऑटो में मीटर लगवाने की जिम्मेदारी सौंपी है।