सआदतगंज के लकड़ मंडी में रहने वाली तनु सिंह (23) ने चार साल पहले तकरोही निवासी राहुल श्रीवास्तव से प्रेम विवाह किया था। वह मॉडलिंग सीख रही थीं।
राहुल के मुताबिक वह ऑटो चालक हैं। बुधवार दोपहर में वह, तनु, साली अंजली और उनका बेटा अभय हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान वह अंजली के साथ मिलकर तनु का मजाक उड़ाने लगे। इसका बुरा मानकर तनु दूसरे कमरे में चली गई। वह भी खाना लाने बाहर चले गए। जब वह लौटे तो उन्होंने अंजली से तनु को बुलाकर लाने के लिए कहा।
अंजली बहन को बुलाने गई तो कमरा भीतर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी तनु ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर अंजली ने खिड़की से भीतर झांककर देखा तो तनु फंदे से लटकी मिली। यह देखकर अंजली की चीख निकल गई। शोरगुल सुनकर राहुल और आस-पड़ोस के लोग वहां पहुंच गए।
स्थानीय लोगों की मदद से राहुल ने तनु को फंदे से नीचे उतारा और लोहिया अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।