मोहनलालगंज। कस्बे में एसडीएम आवास के निकट स्थित जियो टावर से सोमवार दोपहर में अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। इससे आसपास की बस्ती में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी।
बिजली विभाग की टीम ने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसी बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। कॉलोनी के लोगों ने भी अपने सबमर्सिबल पंप चालू कर आग बुझाने में सहयोग किया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। आग से टावर में लगे अधिकांश इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खाक हो गए। एफएसओ पीजीआई मामचंद बड़गूजर ने बताया कि समय पर पहुंची तीन फायर गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।