झांसी रिश्वत कांड में जीएसटी अफसरों को लेकर नया खुलासा हुआ है। जीएसटी अफसरों ने फर्मों से मिले दस्तावेज घर में रख लिए थे। अफसर वकील के जरिए कारोबारियों से घूस की सौदेबाजी कर रहे थे। झांसी से गिरफ्तार घूसखोरी का सिंडिकेट अफसर चला रहे थे।
घूसखोरी में झांसी से गिरफ्तार सेंट्रल जीएसटी के अफसर छापों के दौरान कारोबारियों के ठिकानों से बरामद दस्तावेज कार्यालय के बजाय अपने घर ले गए थे। इसके बाद वकील नरेश कुमार गुप्ता से सांठगांठ कर कारोबारियों से घूस की रकम वसूलने की साजिश रची। यह खुलासा सीबीआई की जांच में हुआ है।
विज्ञापन
कारोबारियों के ठिकानें से बरामद दस्तावेजों को जांच के लिए कार्यालय में जमा किया जाना था, ताकि कुल टैक्स चोरी का निर्धारण किया जा सके। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इससे सीबीआई को भी पता नहीं चल सका कि छापे में कितने करोड़ रुपये की टैक्स चोरी सामने आई थी। अब सीबीआई जल्द ही अदालत से अनुमति लेकर आरोपियों के बैंक लॉकर खुलवाने की कवायद करेगी।
डिप्टी कमिश्नर की भी कई संपत्तियों का पता चला
झांसी में घूसखोरी के रैकेट के बारे में गोपनीय सूचना मिलने के बाद सीबीआई ने जीएसटी के अफसरों की निगरानी शुरू की थी। सीबीआई द्वारा अफसरों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस में लिया गया तो राज खुलते चले गए। आरोपियों के ठिकानों पर मारे गए छापों में तमाम संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं, जो उनकी मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। खासकर डिप्टी कमिश्नर की एनसीआर में कई संपत्तियों का पता चला है।
सीबीआई ने 70 लाख की रिश्वत लेते सेंट्रल जीएसटी के तीन अफसरों को पकड़ा
झांसी में सीबीआई ने बुधवार को सेंट्रल जीएसटी के तीन अफसरों को 70 लाख का घूस लेते हुए पकड़ा। उनके साथ जीएसटी मामलों के अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता समेत जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराइटर राजू मंगनानी को भी सीबीआई ने पकड़ा। इन सभी को पूछताछ के लिए गोपनीय जगह ले जाया गया।
इनसे सीबीआई अफसर लंबी पूछताछ करने में जुटे हैं। इस कार्रवाई की भनक स्थानीय स्तर पर किसी को लगने नहीं दी गई। शाम को जीएसटी अफसरों को कार्रवाई की भनक लग सकी। उसके बाद से जीएसटी अफसरों ने भी अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए।
जानकारी के मुताबिक सीबीआई टीम ने मंगलवार को ही कार्रवाई के लिए झांसी में डेरा डाल दिया था। सीबीआई को मालूम चला था कि ट्रैप कार्रवाई रोकने की एवज में झांसी में सेंट्रल जीएसटी अफसर लंबे लेनदेन की फिराक में हैं। इसके बाद से ये अफसर सीबीआई के रडार पर थे।
बुधवार सुबह सीबीआई की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। सीपरी बाजार में नमो होम्स निवासी सेंट्रल जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी, सेवाराम मिल कंपाउंड निवासी अधीक्षक अनिल तिवारी, अजय कुमार शर्मा समेत आरएनएस वर्ल्ड स्कूल के पास रहने वाले जय दुर्गा हार्डवेयर के प्रोपराइटर राजू मंगनानी एवं इलाहाबाद बैंक तिराहे के पास रहने वाले अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता को टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई टीम ने इनके पास से 1.70 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि करीब आठ दिन पहले जय दुर्गा हार्डवेयर में सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापा मारा था। उसके संबंध में ही 70 लाख रुपये घूस की मांग की गई थी।