लखनऊ। चोरों ने विंग कमांडर और दो अन्य लोगों के घरों से लाखों रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली। ये घटनाएं महानगर, नाका हिंडोला और गोमतीनगर इलाकों में हुईं। पीड़ितों ने संबंधित थानों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
महानगर निवासी अमित चेतन के मुताबिक उनके पिता स्व.दिनेश विंग कमांडर थे। घर से 3.70 लाख रुपये का प्लेटिनम ब्रेसलेट चोरी हुआ। उन्होंने अपने ड्राइवर तैयब पर चोरी का आरोप लगाया है। तैयब ने डायरी लाने के बहाने दराज से ब्रेसलेट चुराया। पूछताछ करने पर वह धमकाने लगा और नौकरी छोड़कर भाग गया।
नाका हिंडोला के आशीष मिश्रा के वशीरतगंज स्थित मकान के ताले टूटे मिले। आशीष के मुताबिक घर से सोने के जेवर और देवी माता का चांदी का मुकुट गायब था। वह डेढ़ वर्ष से मां का इलाज कराने के लिए ग्रेटर नोएडा में रह रहे थे। 23 मई को रात करीब 1:30 बजे वह घर आए तब उन्हें घटना की जानकारी हुई।
गोमतीनगर के विनीतखंड निवासी सौरभ सिंह के अनुसार, उनके घर में 15 मई को दोपहर में चोरी हुई। चोर उनके घर से सोने के चार हार, दो कंगन, चार चूड़ियां और तीन लाख रुपये ले गए। चोर सीसीटीवी फुटेज में भी दिखे हैं। संबंधित थानों के प्रभारियों के मुताबिक तीनों मामलों की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।