पिटाई से आहत जेवर कारीगर ने दी जान
राजाजीपुरम। ठाकुरगंज के सराय माली खां स्थित कंघी टोला निवासी जेवर कारीगर अमन वर्मा (25) ने शुक्रवार रात फंदे से लटककर जान दे दी। मृतक के भाई दीपक का आरोप है कि अमन की प्रेमिका व उसके पति ने भाई की पिटाई की थी। इससे आहत होकर अमन ने आत्महत्या कर ली। प्रेमिका, उसके पति और पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
दीपक ने बताया कि अमन बालागंज स्थित ज्वेलरी की दुकान में कारीगर थे। छह महीने से मोहल्ले की एक महिला से उनका प्रेम प्रसंग था। महिला के पति ने अमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। आरोप है कि इसके बाद भी महिला का पति धमका रहा था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे आरोपियों ने घर में घुसकर अमन की पिटाई की और तोड़फोड़ की। बीच-बचाव में मां रेशमा देवी भी घायल हो गईं। अमन ने थाने में शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अमन घर पहुंचे और कहा कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो जान दे देंगे। काफी समझाने पर वह कमरे में चले गए। रात करीब 11 बजे दीपक कमरे में पहुंचे तो अमन को दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखा। परिवार में मां और दो भाई हैं। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।