शोरूम से 36 लाख के जेवर चोरी, दो कर्मचारी गिरफ्तार
लखनऊ। सराफ उमंग अग्रवाल ने अपने ज्वैलरी शोरूम के दो कर्मचारियों पर सोने व हीरे के 36 लाख के जेवर चुराने का आरोप लगाते हुए हजरतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने आरोपियों अंकित त्रिवेदी व कुंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उमंग के मुताबिक गोखले मार्ग पर उनका एजेबी फाइन ज्वैल्स नाम से शोरूम है। इसमें काकोरी के सलेमपुर निवासी अंकित त्रिवेदी और चिनहट बस अड्डा में रहने वाला कुंदन सिंह कई सालों से काम कर रहे थे।
उमंग ने बताया कि वह ग्राहकों को खरीदे गए जेवरों को शोरूम में सुरक्षित रखने की सुविधा भी देते हैं। कुछ दिनों से ग्राहक जेवर चोरी होने की शिकायत कर रहे थे। पड़ताल की तो दोनों की कारगुजारी सामने आ गई। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक दोनों को जेल भेजा गया है।