लखनऊ। चोरों ने विकासनगर, गाजीपुर, काकोरी और पीजीआई में चार लोगों के बंद मकान से लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी। पीड़ितों ने संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।
विकासनगर निवासी उमा अपने पति के साथ 21 अगस्त को दिल्ली गई थीं। 24 अगस्त को घर लौटने पर उन्हें मेनगेट का ताला टूटा मिला। अलमारी और बक्से खुले पड़े थे। चोरों ने उनमें रखे लाखों के जेवर और 40 हजार पार कर दिए। यह देख उमा की हालत बिगड़ गई। पति ने आनन-फानन उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां वह भर्ती हैं। पीड़िता के पिता ने विकासनगर थाने में केस दर्ज कराया है। उधर, गाजीपुर थाना क्षेत्र के सर्वोदयनगर निवासी अंकित कुमार सिंह दो अगस्त को परिवार के साथ महाकाल मंदिर गए थे। सात अगस्त को लौटे तो पता चला कि चोर उनके घर से लाखों के आभूषण बटोर ले गए। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं, काकोरी के चकौली निवासी व्यवसायी सचिन शुक्रवार रात घर से बाहर थे। चोरों ने उसी रात घर से 25 हजार रुपये चुरा लिए। इसके अलावा पीजीआई के साउथ सिटी निवासी एसके सरोज के घर से चोरों ने ढाई लाख की बाथरूम फिटिंग खोल ली। पीड़ित को मामले की जानकारी 20 अगस्त को उनके नौकर ने दी। संबंधित थानों के इंस्पेक्टर के मुताबिक चारों मामलों में केस दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।