लखनऊ। दुबग्गा में शनिवार रात फातिमा कॉलोनी निवासी आरा मशीन कारोबारी रिजवान के बंद मकान से चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी चुरा ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई।
रिजवान के मुताबिक रात आठ बजे वह परिवार संग बरेली जा रहे थे। ट्रेन में सफर के दौरान रात 8.45 बजे दूधवाले ने चोरी होने की सूचना दी। वह घर पहुंचे तो देखा कि चोर उनकी मां व पत्नी के जेवर व नकदी चुरा ले गए।
इसके अलावा गोमतीनगर के विपुलखंड-3 में बुधवार रात चोरों ने जन-जनवादी पार्टी कार्यालय से कंप्यूटर और लैपटॉप सहित अन्य उपकरण चोरी कर लिए। पार्टी के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव भगवान दास सिंह ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
इसके अलावा चोरों ने पीजीआई इलाके वृंदावन सेक्टर-सी निवासी बैंक कर्मी राहुल यादव के मकान और चिनहट के अशरफ नगर में पंकज सिंह के मकान से जेवर, नकदी और कीमती सामान पार कर दिया।