लखनऊ। आलमबाग बस स्टैंड पर गत शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने फर्रुखाबाद के कंपिल निवासी पुलिस हेड कांस्टेबल सर्वेश सिंह की पत्नी अनुराधा से जेवर व 11 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया है। सर्वेश के मुताबिक, शुक्रवार रात में 11:15 बजे वह पत्नी के साथ अयोध्या से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। यहां से ई रिक्शा से कृष्णानगर एलडीए कॉलोनी जा रहे थे। रास्ते में आलमबाग बस स्टैंड के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार कर पत्नी के कंधे पर टंगा पर्स लूट लिया। झटका लगने से वह ई रिक्शा से गिरकर घायल हो गईं। वहीं, बदमाश भाग निकले। सर्वेश ने बताया कि पर्स में सोने की चेन, कुंडल और नकदी रखी थी। इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष सरोज ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
महिला की चेन लूट ले गए बदमाश
लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार स्थित रसल कोर्ट निवासी मंजू श्रीवास्तव ने बाइक सवार तीन बदमाशों के खिलाफ शुक्रवार को गोमतीनगर थाने में चेन लूट का केस दर्ज कराया है। मंजू के मुताबिक, शुक्रवार शाम छह बजे वह पत्रकारपुरम मार्केट गई थीं। तभी बदमाशों ने उनकी चेन लूट ली और कैप्टन मनोज पांडेय चौराहे की ओर भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि बाइक बिना नंबर प्लेट की थी। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।