अब तक वाहनों से नोट की गड्डियां गिरने और उन्हें लूटने की घटनाएं हुईं। लेकिन बहराइच में बुधवार दोपहर में रुपईडीहा की ओर से आ रहे बाइक सवार युवकों की बाइक में पीछे बंधी बोरी से सोने, चांदी के जेवरात और बेशकीमती मोती के दाने सड़क पर एक किलोमीटर तक बिखरते चले गए।
जिन्हें ग्रामीणों के साथ राहगीरों ने खूब लूटा। इसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम हटवाया। लेकिन सड़क पर बिखरने वाले जेवरात किसके हैं, इसका पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्र के लोग भौचक रहे।
रामगांव थाना अंतर्गत नानपारा-बहराइच मार्ग पर बुधवार दोपहर 12:30 बजे के आसपास रुपईडीहा की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवक बाइक पर पीछे बोरी बांधे हुए थे। शायद सफर में झटका लगने से बोरी ढीली हो गई थी।
जिससे बेगमपुर कस्बे के निकट सड़क पर लोगों ने चमकदार वस्तुओं को सड़क पर बिखरते देखा। लोग मौके पर पहुंचे तो सोना-चांदी और मोती नजर आया। इस पर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं।
कुछ लोगों ने बाइक सवार युवकों को आवाज दी तो उन सबने रुकने के बजाए पीछे मुड़कर एक झलक देखा और बाइक की स्पीड तेज कर दी। जिसके चलते लगभग एक किलोमीटर तक मार्ग पर जेवरात बिखरते चले गए।
सड़क पर सोना-चांदी और बेशकीमती मोती बिखरने की सूचना जब आसपास गांव के लोगों को लगी तो हुजूम उमड़ पड़ा। ग्रामीणों के साथ बाइक व कार से गुजरने वाले राहगीर भी अपने वाहन को बीच सड़क पर रोक कर जेवरात बीनने लगे।
किसी ने एक मुट्ठी तो किसी ने दो और चार मुट्ठी जेवरात इकट्ठा किये। अफरा तफरी की स्थिति बनी हुई थी। सड़क पर बिखरे जेवरात को बीनने के चक्कर में जाम लग गया। सूचना पाकर 40 मिनट बाद रामगांव थानाध्यक्ष डीपी कुशवाहा मौके पर पहुंचे।