लखनऊ। गोमतीनगर के विनीतखंड में रिटायर्ड आईपीएस राजू बाबू सिंह के घर से उनकी बेटी के नौकरों ने 50 लाख के जेवर चोरी कर लिए।
उन्होंने सोमवार को जौनपुर के बादशाहपुर में रहने वाले पंकज कुमार गुप्ता और चालक अयोध्या के हैदरगंज निवासी विशाल पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिटायर्ड आईपीएस के मुताबिक, जुलाई में पंकज व विशाल ने मकान के दूसरे तल पर बने मास्टर बेडरूम की पेंटिंग की थी। इस दौरान वार्डरोब में पत्नी सुधा सिंह ने पंकज के सामने 50 लाख के जेवर रखे थे।
कुछ दिन बाद वार्डरोब की चाबी खो गई थी। सात अगस्त को चाबी मिलने पर अलमारी खोली तो जेवर व सामान गायब था। आरोप है कि दोनों नौकरों ने ही चाबी चुरा कर जेवर पार कर दिए।
कुछ दिन पहले पंकज ने बेटी के घर से भी 50 हजार रुपये चुराए थे। पूछताछ पर आरोपी ने चोरी स्वीकारी थी। बेटी ने उसे काम से निकाल दिया था। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें भेजी गई हैं।