अस्पताल में भर्ती घायल सराफ सचिन शर्मा।
गोसाईंगंज। अमेठी में मंगलवार रात दो बदमाशों ने सराफ को गोली मार दी। गोली जांघ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की और उनकी स्कूटी व जेवरों से भरा बैग लूटकर दूर खड़े तीसरे साथी के साथ भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने पीड़ित सराफ को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अमेठी गांव निवासी सराफ सचिन वर्मा की रामबाग में आभूषण की दुकान है। उन्होंने बताया कि रात करीब 8:30 बजे वह दुकान बंद करके जेवरों से भरा बैग लेकर स्कूटी से घर जा रहे थे। घर के पास अंधेरी जगह पर घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। गमछे से चेहरा ढके बदमाशों ने उनसे बैग छीनने की कोशिश की। विरोध पर आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
उन्होंने बैग नहीं छोड़ा तो एक बदमाश ने कमर से तमंचा निकालकर उनकी जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह स्कूटी के साथ जमीन पर गिर पड़े। एक बदमाश ने उनकी स्कूटी और बैग उठाया, जबकि दूसरा बदमाश दूर खड़े अपने तीसरे साथी के साथ बाइक से हाईवे की तरफ भाग निकला। वहां से गुजरे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर मिले चार खोखे
घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी दक्षिणी अमित आनंद, एडीसीपी और इंस्पेक्टर गोसाईंगंज मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल से चार खोखे मिले। पुलिस ने पीड़ित को गोसाईंगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।
बदमाशों ने कर रखी थी रेकी
डीसीपी ने बताया कि वारदात के तरीके से लगता है कि आरोपियों ने रेकी कर रखी थी। बदमाश जानते थे कि सचिन दुकान बंद करके कब निकलते हैं और उनके पास जेवर भी होते हैं। सचिन की हालत स्थिर है। उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं, जो घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही हैं।
अस्पताल में भर्ती घायल सराफ सचिन शर्मा।
अस्पताल में भर्ती घायल सराफ सचिन शर्मा।