रायबरेली में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करते यात्री।
रायबरेली। यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेनें भी सफर आसान नहीं बना पा रही हैं। नियमित ट्रेनों की तरह स्पेशल ट्रेनें भी काफी विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। दिवाली और छठ पूजा की वजह से यात्रियों की भीड़ अधिक है, जिससे ट्रेनों में सीटें मिल पाने की दिक्कत भी सामने आ रही है। जय नगर से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन 21 घंटे लेट होने के कारण दूसरे दिन शुक्रवार को पहुंची।
शुक्रवार को सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस और आनंद विहार से पुरी जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस लगभग पौने दो घंटे विलंब से आई। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर और प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस की लेटलतीफी भी दो घंटे की रही। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल सवा घंटे, देहरादून से वाराणसी जाने वाली जनता मेल एक घंटे, वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता मेल पौन घंटे, दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और टनकपुर से सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची।
बृहस्पतिवार रात नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे और वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा चार घंटे देर से आई। बीकानेर से हावड़ा जाने वाली सुपरफास्ट डेढ़ घंटे, वाराणसी से जोधपुर जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर ढाई घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस एक घंटे, वाराणसी-लखनऊ व कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से आई।