स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘जश्न ए आजादी’ पर आधारित गंजिंग कार्निवाल का मेगा ऐपिसोड शहरवासियों के लिए यादगार बन गया। एक ओर जहां पार्श्वगायक अंकित तिवारी की दिलकश आवाज ने लोगों को गुनगुनाने व झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं फ्री-वाईफाई मिलने से लोगों के चेहरे खिल उठे।
विज्ञापन
इतना ही नहीं हाईमास्ट लाइटों से पूरा गंजिंग कार्निवाल जगमगा उठा। हजारों की तादात में कार्निवाल में पहुंचे लोगों ने जमकर म्यूजिक, डांस और स्वाद का लुत्फ उठाया।
रविवार को गंजिंग कार्निवाल में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अखिलेश द्वारा फ्री-वाईफाई व हाईमास्ट केउद्घाटन के बाद ‘आशिकी टू’ फेम सिंगर अंकित तिवारी ने मंच संभाला और शाम ए अवध को यादगार बनाया।
विज्ञापन
अंकित ने अपने सिग्नेचर सॉन्ग ‘तुम ही हो...’ से शुरुआत की। जिसे सुन लोग गुनगुनाने व झूमने लगे। इसके बाद फिल्म रॉय का गाना ‘तू है कि नहीं...’ सुनाकर भीड़ में उत्साह व जोश भर दिया। ‘तू जो है तो मैं हूं...’, ‘सुन रहा है ना तू...’, ‘तेरी गलियां...’ गाने सुनाकर अंकित ने लखनऊवालों की मुहब्बत तालियों के रूप में हासिल की। मंच पर भरतनाट्यम व बॉलीवुड गीतों पर डांस की प्रस्तुतियां भी हुईं।
भरतनाट्यम कलाकार अमृत सिन्हा के निर्देशन में साची बिश्वास, चिन्मयी बिश्वास, अमिषा मिश्रा, विदुषी श्रीवास्तव, स्निग्धा सिंह, प्रफुली मिश्रा, अजय बिष्ट, नमन राज ने ‘वन्दे मातरम’ पर प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों की सराहना मिली। इसके अतिरिक्त अन्य कलाकारों ने ‘यूपी वाला ठुमका लगाओ’ व ‘ईस्ट ऑर वेस्ट’ सरीखे गानों पर लाजवाब डांस किया।
लोगों के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश ने ली सेल्फी
गंजिंग कार्निवाल के मंच पर शासन के आला अधिकारियों ने सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने बयां की। मेट्रो, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे और फोर जी नेटवर्क...। इनसे स्पीड बढ़ेगी और जब रफ्तार बढ़ेगी तो कारोबार बढ़ेगा।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क सहित सरकार की योजनाओं पर रोशनी डाली तो कुमार केशव ने मेट्रो से मिलने वाली सहूलियतें जनता को बताईं। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे बनाने वाली कंपनी के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष समतानी ने पूरी योजना पर प्रकाश डाला।
वहीं रिलाएंस जियो(यूपी) के निदेशक महेंद्र नहाटा ने वाईफाई की सुविधा व हजरतगंज ट्रेडर्स एसोसिएशन के किशन चंद भगनानी ने भी विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गंजिंग करने आए लोगों के साथ मंच से सेल्फी ली और गंजिंग कार्निवाल से जुड़े पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों को स्मृति चिह्न प्रदान किया।
कार्यक्रम में गंजिंग कार्निवाल समिति, उसके लोगो व फिल्म का लोकार्पण भी किया गया। मंत्री राजेन्द्र चौधरी व ओमप्रकाश सिंह, मण्डलायुक्त महेश गुप्ता, जिलाधिकारी राजशेखर, पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात, नगर आयुक्त उदयराज सिंह, एडीएम निधि श्रीवास्तव, आरटीओ आरपी यादव, पारिजात, राममिलन, संतोष इत्यादि उपस्थित रहे।
सीएम बोले: हम नहीं सुन सकते इनके गाने
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की स्पीच के बाद पार्श्वगायक अंकित तिवारी को मंच पर प्रस्तुतियों के लिए आना था। भाषण खत्म होते-होते मुख्यमंत्री ने अंकित तिवारी को मंच पर बुलाया और कहा कि ‘इनके गाने हम नहीं सुन सकते’। फिर हंसते हुए कहा कि हम पुरानी पीढ़ी के जो ठहरे...। जिससे लोग मुस्कुराने लगे।
सीएम ने कहा ‘छूट गया बाजपेयी पूड़ी, चौधरी मिष्ठान...’ संवाद लेखक नीलेश मिश्र ने मंच से ‘ये हजरतगंज है यारों, बड़ा कमाल है। जवां है दिल का, चाहें उम्र 200 साल है...’ पंक्तियां सुनाईं तो गंज की सुनहरी यादों में पुरानी पीढ़ी के लोग खो गए।
दरअसल, कविता में यूनिवर्सल बुक स्टोर से लेकर बाटा शोरूम और मेफेयर से लेकर नूर मंजिल तक का जिक्र था। लेकिन जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव स्पीच के लिए मंच पर पहुंचे तो उन्होंने कहा कि ‘बाजपेयी पूड़ी और चौधरी मिष्ठान का जिक्र छूट गया मिश्राजी...।’ जिससे चेहरों पर हंसी तैर गई।
गंजिंग कार्निवाल के मंच पर टाइम लैप्स तकनीकी पर आधारित लखनऊ पर्यटन की फिल्म दिखाई गई। संचालन कर रहीं शिखा ने बताया कि इस तकनीकी का पहली बार इस्तेमाल हुआ है। इन चित्रों का क्रम ऐसा था, जो फिल्म सरीखा प्रतीत हुआ।
उन्होंने बताया कि पूरी फिल्म में साठ हजार चित्रों का इस्तेमाल किया गया है। जिसके सिर्फ पांच मिनट को प्रदर्शित किया गया है। जिसमें 10,500 चित्रों का प्रयोग हुआ है।
युवाओं में दिखा रक्तदान का उत्साह किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी केट्रांसफ्यूजन विभाग की ओर से गंजिंग कार्निवाल में रक्तदान शिविर लगाया गया, जहां युवाओं का उत्साह देखने लायक था।
रक्दान शिविर केदिनेश चंद्र गौतम ने बताया कि पचास से अधिक लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें सर्वाधिक संख्या युवाओं की रही। ब्लड डोनेशन कैम्प में डॉ. सूर्यकांत, बृजेश, उमेश व रविन्द्र का विशेष योगदान रहा।