परिवहन निगम को एलडीए ने बस अड्डे के लिए आवंटित किया पांच एकड़ भूखंड
परिवहन निगम नए साल में जानकीपुरम में बस अड्डे की नींव रखेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इसके लिए लगभग पांच एकड़ भूखंड का आवंटन कर दिया है। यह दीगर कि अभी परिवहन निगम को इस पर कब्जा नहीं मिला है। हालांकि, प्रबंधन ने इस पर बस अड्डा बनवाने की कागजों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूर्व में तैयार कार्ययोजना पर नए सिरे से काम शुरू हो गया है। साथ ही निर्माण करने वाली एजेंसी की भी खोजबीन चल रही है। इस बस अड्डे पर कैसरबाग की बसों को स्थानांतरित किया जाएगा। इनमें खास तौर पर वे बसें होंगी, जो सीतापुर होकर दिल्ली की ओर चलती हैं।
15 साल में देने पड़ेंगे 38 करोड़
एलडीए ने जानकीपुरम बस अड्डे के लिए जो भूखंड आवंटित किया है, उसके लिए परिवहन निगम को 38 करोड़ रुपये चुकाने पड़ेंगे। यह रकम 15 साल में किस्त देकर चुकाई जाएगी। पहले प्राधिकरण ने भूखंड की कीमत 45 करोड़ रुपये मांगी थी।
73 लाख की पहली किस्त का भुगतान
एलडीए के बस अड्डे की जमीन का आवंटन करते ही परिवहन निगम ने 73 लाख रुपये की पहली किश्त का भुगतान पिछले हफ्ते कर दिया। जनवरी में भूखंड का कब्जा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद बस अड्डा बनाने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
- पीके बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ परिक्षेत्र, परिवहन निगम