लखनऊ। स्मार्ट सिटी के तहत दी जा रही आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) की सुविधा के तहत शहर में लगाए गए कैमरे स्वतंत्रता दिवस से पहले 48 घंटे तक ठप रहे। इससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी की ओर से स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र लिखने के बाद सिस्टम चालू हुआ।
डीसीपी की ओर से शुक्रवार सुबह लिखे गए पत्र में चिंता जताई गई कि 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा विशिष्ट व अतिविशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और आम लोग भी शिरकत करेंगे। इस मौके पर आईटीएमएस का बंद होना सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय है।
आईटीएमएस के जरिये मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों की तुरंत निगरानी, यातायात का दबाव और भीड़ की स्थिति का पता और अचानक रुकावटों की पहचान होती है। जरूरत पड़ने पर इसी प्रणाली से तुरंत यातायात व्यवस्था और कार्रवाई की जाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए। स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से कार्यदायी एजेंसी को तलब करने के साथ 11 कैमरे शुरू कराए गए।
लापरवाही कंपनी का जारी होगी नोटिस
स्मार्ट सिटी कंपनी के महाप्रबंधक एससी सिंह ने कहा कि आईटीएमएस का संचालन निजी कंपनी कर रही है। कंपनी का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण समस्या आई थी। कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा।