लखनऊ। हाईस्कूल व आईटीआई पास विद्यार्थी डीजल, पेट्रोल और इलेक्ट्रिक कार बनाएंगे। गुजरात की सुजुकी कंपनी इसके लिए 24 हजार रुपये प्रति महीना वेतन देगी। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में पांच जून को प्रस्तावित रोजगार मेले में इच्छुक अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन
आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि सुजुकी कंपनी गुजरात प्लांट के लिए ट्रेनी के करीब 200 पदों पर चयन करेगी। इसके लिए परिसर में पांच जून को सुबह 10 बजे से रोजगार मेला लगेगा। जो विद्यार्थी 10वीं, 12वीं के साथ आईटीआई के अलग-अलग कोर्स से प्रशिक्षण ले चुके हैं। वे अपने दस्तावेज के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। हालांकि, इससे पहले सुजुकी कंपनी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना जरूरी होगा। यह भर्ती केवल पुरुषों के लिए है। कंपनी में चयन होने पर 18 से 24 हजार महीने का वेतन, दोपहर का खाना, ड्रेस, मेडिकल सुविधा की जाएगी।