राकेश पांडेय के लखनऊ स्थित घर में छापेमारी की गई।
- फोटो : amar ujala
आयकर विभाग ने शनिवार को गोंडा के बड़े ठेकेदार राकेश पांडेय के चार ठिकानों पर छापा मारा। इसमें गोंडा, लखनऊ स्थित तीन आवास और एक मिक्सिंग प्लांट शामिल है। इस दौरान लखनऊ वाले घर से 40 लाख रुपये मिले हैं। अलग-अलग टीमों ने इन जगहोें पर दस्तावेज भी खंगाले।
आयकर विभाग (जांच) इकाई के डिप्टी कमिश्नर भरत अवस्थी के नेतृत्व में ठेकेदार के लखनऊ के लक्ष्मणपुरी स्थित आवास पर दोपहर 12 बजे यह छापा पड़ा। वहीं, गोंडा में बेलसर ब्लॉक के देवरदा गांव के आवास एवं मिक्सिंग प्लांट व सिविल लाइंस स्थित आवास पर देर रात तक जांच चलती रही। अफसरों के हाथ कारोबारी दस्तावेज लगे हैं।
सूत्रों से पता चला कि राकेश पांडेय की आलोक कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जो सड़क एवं पुल बनाने से लेकर अन्य काम करती है। राकेश ठेकेदारी सहित अन्य कार्य लखनऊ स्थित आवास से ही करते हैं। सूत्र ने बताया कि पहले पड़े आयकर छापे में राकेश पांडेय का कनेक्शन मिला है, जिससे अचानक टीम कार्रवाई करने पहुंची।