पल्लवी पटेल के बयान पर पलटवार भी हुआ है।
- फोटो : instagram/drpallavipatel1
अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर अपना दल (कमेरावादी) ने मंगलवार को राजधानी समेत सभी जिलों में प्रदर्शन किया। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और सपा विधायक पल्लवी पटेल समेत अन्य पदाधिकारियों ने लखनऊ में हजरतगंज स्थित अंबेडकर प्रतिमा समक्ष प्रदर्शन कर डॉ. सोनेलाल की मौत की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। वहीं कृष्णा पटेल ने साजिश के तहत उनकी हत्या कराने का आरोप लगाया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में कृष्णा पटेल को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई।
कृष्णा पटेल ने आरोप लगाया कि 1999 में तत्कालीन भाजपा सरकार की शह पर प्रयागराज के पीडी टंडन पार्क में जनसभा के दौरान पति पर प्राणघातक हमला कराया गया। 2009 में साजिश के तहत उनकी हत्या करा दी गई। सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि सोनेलाल के नाम पर कुछ लोग खुद को उत्तराधिकारी बताकर सत्ता की मलाई काट रहे हैं, लेकिन उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या की जांच कराने के लिए एक बार भी केंद्र को पत्र तक नहीं लिखा। प्रदर्शन के दौरान बाबा रामाधार पटेल, डा. सीएल पटेल, राम सिंह, राम गोपाल पटेल, ज्ञान प्रकाश वर्मा, अली राजा उर्फ राजा घोसी, हमदान अहमद मौजूद रहे।
पिता की मौत पर राजनीति कर रहीं पल्लवी - अमन पटेल
उधर, सोनेलाल पटेल की छोटी बेटी अमन ने पल्लवी पटेल के बयान पर पलटवार कर कहा कि बड़ी बहन सुर्खियों में रहने के लिए पिता की मौत पर राजनीति कर रही हैं। यदि पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि देनी थी तो वह भी परिनिर्वाण दिवस मनातीं, लेकिन उनके पास लोग ही नहीं जुटे। पिता की हादसे में मौत के समय पूरा परिवार साथ था। आईसीयू के बाहर वह स्वयं थीं। अब सीबीआई जांच की मांग करना दुखद है। फिर उन्हें इतने वर्षों बाद जांच की चिंता क्यों हुई? पिता की संपत्ति पर चारों बच्चों का अधिकार है, लेकिन पल्लवी ने दो बेटियों को पूर्ण रूप से बेदखल कर अन्याय किया है। इसके लिए वह उच्च और सर्वोच्च न्यायालय तक गुहार लगाएंगी।