शासन ने नगर निगमों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में योजनाओं के नाम पर हुई अनियमितताओं की शिकायतों की उच्चस्तरीय समिति से जांच कराने का फैसला किया है। इससे पूर्व नगर विकास विभाग ने 26 अगस्त को एक बैठक आयोजित की है, जिसके लिए सभी नगर निकायों से 19 बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है।
दरअसल, नगर निकायों में व्याप्त अनियमितताओं के संबंध में लखनऊ नगर निगम, बेल्थरा रोड व बिल्हौर नगर निकायों में अनियमितताओं की शिकायतें शासन तक पहुंची हैं। कई जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के अलावा पार्कों के विकास आदि के नाम पर गड़बड़ी की शिकायतें की हैं।
विधान परिषद की समिति ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है। इस संबंध में निदेशक स्थानीय निकाय डॉ. काजल ने 26 को होने वाली बैठक के संबंध में सभी निकायों को जरूरी निर्देश भेज दिए हैं। वहीं सूत्रों का कहना है कि इन शिकायतों की जांच कराने की तैयारी है।