आईआरसीटीसी अब लेह-लद्दाख के अद्भुत खूबसूरत नजारों और यहां की खूबसूरती से रूबरू कराएगा। इसके लिए आईआरसीटीसी ने दो विशेष एयर पैकेज शुरू किए हैं। पहली फ्लाइट 28 मई व दूसरी 18 जून को रवाना होगी।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी में लेह-लद्दाख यात्रियों के लिए फेवरेट टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। इसलिए एयर पैकेज शुरू किए जा रहे हैं। पैकेज के तहत पहली यात्रा 28 मई से 2 जून व दूसरी 18 से 23 जून के बीच कराई जाएगी।
फ्लाइट दिल्ली से मिलेगी। पांच रात व छह दिन का पैकेज 46,950 रुपये प्रतिव्यक्ति है। जबकि दो यात्रियों के पैकेज पर प्रति व्यक्ति 38,850 रुपये और तीन यात्रियों के पैकेज में प्रति व्यक्ति 38,250 रुपये के हिसाब से भुगतान करना होगा।
इस दौरान पैसेंजरों को थ्री स्टार होटल में ठहराया जाएगा। सुबह का नाश्ता, दोपहर व रात का खाना पैकेज में शामिल है। पैकेज में यात्रियों को लेह मार्केट, हाल ऑफ फेम, स्टाक पैलेस, विश्व की सबसे ऊंचाई पर स्थित पैंगयोंग झील एवं हारडुंगला सड़क, शांति स्तूप, द स्केट मोनेस्ट्री की सैर कराई जाएगी।
गोमतीनगर स्थित पर्यटन भवन में बने आईआरसीटीसी के कार्यालय व वेबसाइट से पैकेज के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।