फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2026: गुजरात पर दबदबा बनाए रखने के लिए उतरेगा लखनऊ, लगातार तीसरी जीत पर होगी पंत की नजर

Sat, 11 Apr 2026 10:05 PM IST
रोहित मिश्र अनुराग बाजपेयी, अमर उजाला लखनऊ

सार

पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली एक रन से जीत को छोड़ दिया जाए तो गुजरात टाइटंस को आईपीएल के पहले दो मुकाबलों में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था।
विज्ञापन
इकाना में रविवार को होगा मैच। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भले ही लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए पिछला आईपीएल सत्र नहीं अच्छा रहा, लेकिन खराब प्रदर्शन के बावजूद टीम ने गुजरात टाइंटस को दोनों लीग मुकाबलों में मात देने में सफलता हासिल की थी। ऐसे में पंत एंड कंपनी अपने घर में पहली जीत के साथ इस दबदबे को बनाए रखने उतरेगी। इस जीत के साथ सुपरजायंट्स अपनी हैट्रिक भी पूरा करना चाहेंगे। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के लिए अभी तक आईपीएल का सफर अच्छा नहीं रहा है। सुपरजायंट्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान में जीत से टीम लीग में अपनी लय को वापस पाना चाहेगी। शहर के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आईपीएल की दो सबसे युवा टीमों के बीच जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद है।

विज्ञापन


एलएसजी के शीर्षक्रम में सुधार की दरकार
लखनऊ सुपरजायंट्स की सबसे बड़ी ताकत शीर्षक्रम अभी तक आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका है। खासतौर पर पिछले सत्र में रनों का अंबार लगाने वाले वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज निकोलस पूरन (तीन मैच में 22 रन) अपनी लय मेें नहीं दिखे हैं। इसके अलावा दो अन्य ओवरसीज बल्लेबाज एडन मार्करम (तीन मैच में 78) और मिचेल मार्श (तीन मैच में 64 रन) से भी टीम प्रबंधन को बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान पंत को भी अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की जरूरत है। गेंदबाजी में अनुभवी मोहम्मद शमी किफायती रहने के अलावा विकेट हासिल करने में भी सफल रहे हैं, जबकि युवा प्रिंस यादव ने पांच विकेट अपनी झोली में डालकर अपनी अहमियत साबित की। इसके अलावा अन्य गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन से प्रभावित करना होगा।

एकजुट प्रदर्शन से मिलेगी जीत की राह

लखनऊ को मिलेगा लोकल समर्थन।
पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली एक रन से जीत को छोड़ दिया जाए तो गुजरात टाइटंस को आईपीएल के पहले दो मुकाबलों में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था। टीम की बल्लेबाजी की बात की जाए तो कप्तान गिल (दो मैच में 109 रन) और जोस बटलर (तीन मैच में 116 रन) ही प्रभावित कर पाए हैं, जबकि गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा (तीन मैच में छह विकेट) और राशिद खान (तीन मैच में पांच विकेट) का प्रदर्शन सराहनीय रहा। ऐसे में अनुभवी मो. सिराज और टी-20 फॉर्मेट के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स को अपनी छाप छोड़नी होगी। कुल मिलाकर लखनऊ सुपरजायंट्स की चुनौती को पार पाने के लिए टीम को एकजुट होकर खेलना होगा।

कैसा रहेगा इकाना स्टेडियम का मिजाज
आईपीएल के 19वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस की टीम इकाना स्टेडियम में आमने सामने होंगी। यह स्टेडियम में सत्र का दूसरा आईपीएल मुकाबला होगा। पिछले मुकाबलों के प्रदर्शन को आधार माना जाए तो यहां टॉस जीतने वाली टीम लक्ष्य का पीछा करने का फैसला कर सकती है। मौजूदा सीजन यहां अब तक एक ही मुकाबला खेला गया है जो कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 17.1 ओवर में लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ 142 रनों का लक्ष्य हासिल करके छह विकेट से जीता। कहने को तो टी-20 फॉर्मेट में कोई भी लक्ष्य हासिल करना मुश्किल नहीं रह गया है, लेकिन जहां तक इकाना स्टेडियम की बात है तो यहां 180-190 से ऊपर का लक्ष्य प्रतिद्वंद्वी टीम के लिए चुनौती बन सकता है।
विज्ञापन

घरेलू मैदान में जीत के लिए तैयार : क्लूजनर

 इकाना स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के सहायक कोच लांस क्लूजनर ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया । मुकाबले की पूर्व संध्या पर हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पिछले दो मैचों की जीत ने ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल तैयार कर दिया है। हालांकि टीम अपना पहला घरेलू मैच हार गई थी, लेकिन अब वे नई लय और भरोसे के साथ प्रशंसकों के बीच लौट रहे हैं और यहां जीत से खाता खोलने की तैयारी करेंगे। क्लूजनर ने टीम की सफलता का श्रेय अपनी गेंदबाजी को दिया। उन्होंने कहा कि इस सीजन में सबसे बड़ा बदलाव गेंदबाजों के प्रदर्शन में आया है। खिलाड़ी व्यक्तिगत प्रदर्शन के बजाय एक टीम के तौर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो घरेलू परिस्थितियों में टीम की सबसे बड़ी मजबूती बनकर उभरी है। टीम के शीर्षक्रम के संघर्ष पर बात करते हुए सहायक कोच ने कहा कि टीम से कप्तान ऋषभ पंत और आयुष बदोनी के अलावा पिछले मैच के विजेता बनकर उभरे मुकुल चौधरी से शानदार खेल दिखाया है। टीम के अन्य बल्लेबाजों में शामिल निकोलस पूरन, एडन मार्करम और मिचेल मार्श को टी-20 फाॅर्मेट में खुद को साबित करने की जरूरत नहीं है। यह एक लंबा टूर्नामेंट है और तीनों खिलाड़ी सही समय पर अपनी लय हासिल कर लेंगे और टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाएंगे।

लखनऊ की चुनौतियों के लिए हम तैयार : विजय दहिया
गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच विजय दहिया एक बार फिर अपने पुराने घरेलू मैदान इकाना स्टेडियम में रणनीति बनाते नजर आएंगे। मुकाबले की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आईपीएल में पेशेवर रुख सबसे ऊपर होता है। यह मायने नहीं रखता कि मैं आज किस खेमे में हूं। पहले मैंने लखनऊ के लिए अपना शत-प्रतिशत दिया था और अब पूरी निष्ठा के साथ गुजरात के लिए काम कर रहा हूं। यही इस लीग की खूबसूरती है। इकाना की पिच को लेकर दहिया ने बताया कि पिछला मुकाबला लाल मिट्टी पर खेला गया था, जबकि गुजरात का मुकाबला मिश्रित मिट्टी पर होने की संभावना है। दिन में मैच होने के कारण खिलाड़ियों के लिए अलग तरह की चुनौती होगी। दिल्ली के खिलाफ मिली रोमांचक जीत पर उन्होंने कहा कि टी-20 फॉर्मेट का स्वभाव ही करीबी मुकाबलों का है। हमारी टीम की ताकत यह है कि खिलाड़ी अंतिम गेंद तक हार नहीं मानते। हर मैच हमें कुछ नया सिखाता है। क्या करना है, या फिर किन गलतियों से बचना है। कप्तान शुभमन गिल के बारे में दहिया ने कहा कि मुझे उन्हें रेट करने की जरूरत नहीं है। भारतीय क्रिकेट जगत उन्हें पहले ही बेहतरीन मान चुका है। उनकी कप्तानी में टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। राशिद के फॉर्म पर दहिया ने उन्हें एक बेहतरीन गेंदबाज बताया। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी हर देश और हर लीग में इतना शानदार प्रदर्शन करता है, तो उससे उम्मीदें बहुत बढ़ जाती हैं। राशिद की सबसे बड़ी खूबी उनका शत-प्रतिशत समर्पण है, चाहे वह बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो या फील्डिंग।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें