भाषा विवि में आईओटी लैब तैयार, उद्घाटन 14 को
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग और डाटा साइंस जैसे विषयों की पढ़ाई अब आसान होगी। विवि में इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) लैब की स्थापना की गई है। इसमें करीब 22 लाख रुपये का खर्च आया है। लैब का औपचारिक उद्घाटन 14 अक्तूबर को दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
ये लैब विद्यार्थियों के लिए वैल्यू एडेड कोर्स की तरह काम करेगी। निशुल्क हैंड्स ऑन ट्रेनिंग, प्रोफेशनलिज्म व अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रोजेक्ट बनाने का अवसर भी मिल सकेगा। इस लैब की समन्वयक सहायक आचार्या डॉ. शान-ए-फातिमा ने बताया कि यह लैब विद्यार्थियों के सीखने और रिसर्च को नई दिशा देगी। कुलपति प्रो. अजय तनेजा के अनुसार यह लैब विशेष रूप से विद्यार्थियों के लिए स्थापित की गई है। जो पूरी तरह स्वदेशी फाउंडेशन से वित्तपोषित है। छात्रो को नए-नए प्रोजेक्ट बनाने के अवसर मिल सकेंगे।