प्रदेश के मुख्यमंत्री निवेश को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में इन्वेस्टर्स मीट कर रहे हैं, लेकिन इससे इन्वेस्टर्स नहीं आ जाएंगे।
पहले आपको उन्हें यूपी में निवेश के लिए सुरक्षित माहौल देना होगा। यहां तो निवेश करने में ही लोगों को डर सताता है कि पता नहीं एनओसी मिलेगी या नहीं।
निवेश के बाद उद्योग चला पाएंगे या नहीं। यह बातें नई दिल्ली के जगन्नाथ इंटरनेशनल मैनेजमेंट स्कूल के निदेशक डॉ. सतीश सेठ ने कहीं।
मौका था बृहस्पतिवार को गोमतीनगर में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से आयोजित सफल मानव प्रबंधन वर्कशॉप का।
डॉ. सेठ का कहना था कि इन्वेस्टर्स को भरोसा होना चाहिए कि उन्हें समय पर एनओसी और अन्य सुविधाएं आसानी से मिले। इसके लिए सबसे पहले कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है।
कहा चीनी उद्योग, सर्विस सेक्टर और कृषि सेक्टर में यहां बहुत संभावनाएं हैं। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विकास के लिए बढ़िया माहौल देने की जरूरत है।
वहीं, देश की अर्थव्यवस्था पर उन्होंने कहा कि अमेरिका में अगर स्लोडाउन है तो इसका मतलब यह नहीं कि भारत भी इससे प्रभावित हो। हमारी अर्थव्यवस्था स्थानीय मांग पर निर्भर करती है।
नई सरकार में अब आर्थिक सुधार और रोजगार की संभावनाएं जगी हैं। अमेरिका ही नहीं चीन और जापान भी भारत के साथ आर्थिक संबंध बनाने के लिए उत्सुकता दिखा रहे हैं।