रायबरेली। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) और मानव संसाधन प्रबंधक (एचआरएम) के खिलाफ महिला आयोग और अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के आदेश पर सीओ सिटी अमित सिंह ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पीड़ित व बैंक के अधिकारियों के बयान दर्ज कराए गए। कई और अधिकारियों व कर्मचारियों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
बैंक की एक कैशियर ने बीमार होने के बाद भी बार-बार तबादला करने सहित कई आरोप लगाकर राज्य महिला आयोग से न्याय की गुहार लगाई थी। मामले में महिला ने अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग से भी गुहार लगाकर न्याय की मांग की थी। आयोग ने सीओ सिटी को मामले की जांच कराकर कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। सीओ सिटी अमित सिंह ने बताया कि आयोग से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और मानव संसाधन प्रबंधक पत्र आया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित महिला कर्मचारी व बैंक के अधिकारियों को बुलाकर बयान दर्ज कराए गए हैं। कई अधिकारियों व कर्मचारियों को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। जल्द ही मामले की जांच पूरी की जाएगी।