लखनऊ। कैसरबाग बस अड्डा प्रबंधन पर अनधिकृत बसों के ठहराव, स्टॉल आवंटन में अनियमितता, कर्मचारी से सरकारी कुर्सी वापस लेने और यात्री से मारपीट समेत कई आरोपों की जांच शुरू हो गई है। सोमवार को एआरएम वित्त अशोक मेहरोत्रा ने बस अड्डे पहुंचकर पूछताछ की।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के मुताबिक, स्टॉल नंबर दो, तीन, सात और आठ को बिना टेंडर प्रक्रिया आवंटित किए जाने की शिकायत मिली है। इसके अलावा एक कर्मचारी से सरकारी कुर्सी वापस लेने और बसों के अनधिकृत ठहराव के आरोपों की भी जांच की जा रही है। कैसरबाग बस अड्डा प्रबंधन पर यात्री से मारपीट का आरोप भी लगा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वहीं, लगेज बुकिंग के नाम पर तीन हजार रुपये की वसूली का ऑडियो भी सामने आया है। एआरएम वित्त इन सभी मामलों की जांच कर रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।