लखनऊ। माल सीएचसी में मरीजों का इलाज डॉक्टर के बजाय फार्मासिस्ट के करने के मामले में शनिवार को सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं। सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी से रिपोर्ट तलब की है।
माल सीएचसी में शुक्रवार शाम 6 बजे सड़क हादसे में जख्मी दो युवकों रवि (22) व अभिषेक (23) को लाया गया था। दोनों के सिर में गंभीर चोट थी। इनका इलाज फार्मासिस्ट अशोक कुमार गुप्ता ने किया, जबकि चिकित्सक अपने कक्ष में बैठे थे। रवि को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। फार्मासिस्ट के जरिये मरीजों का इलाज किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने पूरे मामले की रिपोर्ट सीएचसी प्रभारी से तलब किया है। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. जेपी सिंह ने बताया कि सीएचसी में लगे कैमरे की जांच की गई तो पता चला कि डॉक्टर ने पहले मरीजों को देखा था। हालत गंभीर होने पर बगल कमरे में बैठकर उनका रेफरल लेटर बना रहे थे। फार्मासिस्ट मरीजों की ड्रेसिंग कर रहे थे।