लखनऊ। लारी कार्डियोलॉजी विभाग में एक मरीज को पांच स्टेंट डालने के आरोप की केजीएमयू प्रशासन ने बृहस्पतिवार को जांच के आदेश दे दिए। इसके लिए कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें डीन डॉ. केके सिंह, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के डॉ. संतोष कुमार, वित्त नियंत्रक समेत दो अन्य अधिकारी हैं। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि कमेटी इलाज से जुड़े दस्तावेज, एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की रिपोर्ट, स्टेंट लगाने की जरूरत व इलाज की प्रक्रिया का परीक्षण करेगी। यह भी देखा जाएगा कि इलाज के दौरान प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं। शुरुआती जांच में 15 मरीजों का ब्योरा जुटाया गया है। ये सभी आयुष्मान योजना के तहत भर्ती किए थे। इन्हें कुछ दिन के अंतराल पर भर्ती कर स्टेंट व इलाज की दूसरी प्रक्रिया अपनाई गई है।