ओडिशा के राउरकेला में गिरफ्तार सिमी आतंकियों के मंसूबों की जानकारी से खुफिया अधिकारी भौचक हैं। आतंकियों से पूछताछ में उनके जो इरादे सामने आ रहे हैं, वे खासे खतरनाक हैं।
आतंकी अपने दम पर मंसूबों को अंजाम देना चाहते थे और इसी वजह से वे लूट-डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देकर आर्थिक रूप से मजबूत होना चाह रहे थे। इन आतंकियों का इरादा किसी अन्य आतंकी संगठन के साथ काम करने के बजाय खुद का अलग संगठन बनाने का था।
आतंकियों से पूछताछ कर रही केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए के सूत्रों के अनुसार जिन चार सिमी आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है वे खासे कट्टरपंथी हैं। अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए वे किसी आतंकी संगठन की ऐसी मदद नहीं चाह रहे थे कि वे उसके अधीन होकर काम करें।
बल्कि उनका इरादा पहले खुद के ग्रुप को मजबूत करना और फिर इसमें अन्य लोगों को जोड़ने का था। ग्रुप में अधिकतर फिदायीन सदस्य शामिल करने का इरादा था। साथ ही वे सिमी से हटकर अपना नया संगठन बनाकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काम करना चाहते थे।