कार्यक्रम में कुलपति प्रो. जेपी सैनी के साथ विदेशी छात्राएं
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के निवेदिता महिला छात्रावास में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी और डांडिया नाइट आयोजित की गई। मेडागास्कर, कजाखिस्तान और बांग्लादेश समेत विभिन्न देशों की छात्राओं ने गणपति वंदना और विष्णु स्तोत्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद गरबा और डांडिया की धुन पर छात्राओं ने जमकर धमाल मचाया।
विदेशी छात्राओं ने भारतीय छात्राओं के साथ नृत्य कर सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने विदेशी छात्राओं से संवाद कर उनके शैक्षणिक अनुभवों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने भारतीय संस्कृति के प्रति उनके उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न संस्कृतियों को करीब लाते हैं और वैश्विक बंधुत्व को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अमिता कनौजिया, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी, निवेदिता छात्रावास की प्रोवोस्ट प्रो. रत्ना कटियार और असिस्टेंट प्रोवोस्ट डॉ. अनुपम पटेल समेत शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।