लखनऊ। ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लखनऊ डिवीजन के पूर्व आरईजीएल प्रबंधक हेमंत जौहरी ने कहा कि विशेष बीमा योजना देश में औद्योगिक विकास और बिजली उत्पादन क्षेत्र के इंजीनियरों को सुरक्षा प्रदान करेगी। यह बीमा योजना भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के मार्गदर्शन में सार्वजनिक और निजी बीमा कंपनियों की भागीदारी से तैयार की गई है। शनिवार को वह इंजीनियर पावर प्लांट्स एंड इंडस्ट्री के लिए बीमा विषय पर तकनीकी वार्ता को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे।
रिवर बैंक कॉलोनी स्थित इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स इंडिया के यूपी स्टेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत जौहरी ने बताया कि योजना में व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा, पेशेवर दायित्व और उपकरणों की क्षति कवर है।
ओरिएंटल इंश्योरेंस में तकनीकी विभाग में प्रबंधक इंजीनियर सुशील कुमार यादव ने कहा कि इस तरह की प्रस्तुति से पावर प्लांट इंजीनियरों को जरूरत के मुताबिक बीमा पॉलिसी चुनने में मदद मिलेगी। इस दौरान इंजीनियर एलजीपी सिंह, संस्था के आईपी अध्यक्ष मसर्रत नूर खान, जेबी सिंह, एनके निषाद, डॉ. जसवंत सिंह, एनसी मित्तल, एसके वर्मा, जीएम पांडेय, जमाल नुसरत, जेएमएल जाएसवाल, केवी गुप्ता आदि मौजूद रहे।