लखनऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक की। बताया कि केडी सिंह बाबू स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम के एक घंटे बाद जिलास्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। विधानसभा के सामने के आयोजन में राज्यपाल व मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। लोक निर्माण व विद्युत विभाग परेड के रूट का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। परेड में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों के कार्यक्रमों व दलों के हिस्सा लेने के लिए विभाग तय समय में अपर जिला मजिस्ट्रेट नगर पूर्वी के पास प्रस्ताव भेज दें। महाकुंभ, काकोरी एक्शन की 100वीं वर्षगांठ, अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं पुण्यतिथि, आजादी का अमृत महोत्सव, अयोध्या नगरी कायाकल्प आदि थीम पर झांकियां सजेंगी। राष्ट्रगान शुरू होने से एक मिनट पहले सभी ट्रैफिक सिग्नल रेड हो जाएंगे। वाहनों में बैठे लोग राष्ट्रगान के सम्मान में बाहर आकर खड़े होंगे।