मुख्य अभियंता ने संविदा बिजली कर्मियों को ट्रेनिंग दी। इस दौरान कड़े स्वर में निर्देशित किया कि सुरक्षा उपकरण पहनने में लापरवाही बरती तो आपकी नौकरी जाएगी। साथ ही काम के दौरान सुरक्षा के नियम बताए।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को संविदा कर्मचारियों को राजभवन उपकेंद्र पर दुर्घटनाओं से बचने के लिए ट्रेनिंग दी गई। इस मौके पर लखनऊ सेंट्रल जोन के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने कहा कि बिजली लाइन पर काम करने वाले संविदा कर्मचारी सुरक्षा उपकरण और नियमों का पालन नहीं करते। इससे कई बार दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
विज्ञापन
मुख्य अभियंता ने आगे कहा कि संविदा कर्मचारी को जो सुरक्षा किट में उपकरण मिले, उनका शत प्रतिशत इस्तेमाल करें। ताकि लाइन पर काम करने के दौरान करंट चालू होने पर भी सुरक्षित रहें। मगर, यह कर्मचारी ऐसा नहीं कर रहे हैं। कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण बोझ लगते हैं।
बिजली विभाग की तरफ से संविदा कर्मियों को जूते दिए गए हैं। मगर, काम करने के दौरान वह चप्पल पहनकर ही सीढ़ी पर चढ़ जाते हैं। इसी लापरवाही से दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। इससे उनका परिवार कमाई करने वाले व्यक्ति को खो देता है। इस कारण विभाग को भी तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सुरक्षा नियमों और उपकरण का प्रयोग करें
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी हादसे की नौबत न आए, इसलिए सुरक्षा नियमों और उपकरण का प्रयोग करें। जो संविदा कर्मचारी तीन बार इस्तेमाल करने में लापरवाही करते पकड़ा जाएगा, उसको नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। इस प्रशिक्षण में उपखंड अधिकारी भगवान दास गुप्ता और जूनियर इंजीनियर जगदीश कुमार सहित अन्य उपकेंद्र के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।