लखनऊ। जुरासिक पार्क की तर्ज पर आशियाना के सेक्टर-के स्थित वनस्थली पार्क में 12 करोड़ रुपये की लागत से मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क बनाया जा रहा है। इसमें ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत के रोबोटिक मॉडल देखने को मिलेंगे। इनके साथ ही पंचतंत्र के किरदार लुभाएंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क का काम सितंबतर तक पूरा करने के लिए कहा है। नवरात्र पर आम जनता के लिए यह थीम पार्क खोल दिया जाएगा। अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि वनस्थली पार्क में पीपीपी मोड पर 12 करोड़ रुपये की लागत से मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क विकसित किया जा रहा है।
यहां निष्प्रयोज्य सामग्री से जिनी, ग्रिफिन, वेयरवुल्फ, मोगली आदि के मॉडल भी लगाए जाएंगे। पार्क में काफी बड़ी वाटर बॉडी विकसित की जा रही है, जिसमें आकर्षक फाउंटेन भी होगा।