लखनऊ। विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के तहत डीएम विशाख जी ने सोमवार को मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को 15 अक्तूबर तक मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मरकरी हॉल में दो पालियों में हुए प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों को मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के इस्तेमाल, मतदान की गोपनीयता और निर्वाचन अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी दी गई।
इसके बाद डीएम ने रमाबाई स्थल स्थित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन सामग्री वितरण, पार्किंग, बैरिकेडिंग और पोलिंग पार्टियों की आवाजाही की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मतगणना स्थल की तैयारियां समय से पूरी करने को भी कहा।
मतदान केंद्रों पर सुविधाओं की जांच
कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान डीएम ने बताया कि जिले में 45 सेक्टर और नौ जोन बनाए गए हैं। अधिकारियों को अगले तीन दिनों में मतदान केंद्रों पर बिजली, प्रकाश, पेयजल, पर्याप्त कक्ष, प्रतीक्षालय और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप सहित अन्य सुविधाओं की जांच करनी होगी। कमियां दूर कर चेकलिस्ट के साथ निरीक्षण रिपोर्ट 15 अक्तूबर तक जमा करनी होगी। बैठक और प्रशिक्षण में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।