बलरामपुर। कोरोना महामारी के चलते डेढ़ माह से बंद धार्मिक स्थलों के खुलने के बाद भक्तों की भीड़ जुटने से पुरानी रौनक लौट आई है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के साथ सभी धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम होने लगे हैं। साथ ही होटल व रेस्टोरेंट भी 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलने से गुलजार दिखने लगे हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में शनिवार व रविवार को कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा।
डीएम श्रुति ने बताया कि शासन की तरफ से कोरोना कर्फ्यू में छूट प्रदान की गई है। प्रात: सात बजे से रात्रि 9 बजे तक सोमवार से शुक्रवार तक सभी दुकानें खुलेंगी। दुकानों के खुलने के दौरान मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिटाइजर के प्रयोग की अनिवार्यता रहेगी।
सरकारी विभागों में कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करने के साथ कोविड हेल्पडेस्क की स्थापना अनिवार्य रहेगी। निजी कंपनियों में भी सभी नियम लागू रहेंगे। रेस्टोरेंट, होटल प्रात: सात से रात्रि 9 बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए खोले जाएंगे। मॉल्स की दुकानें अब खुल सकेंगी। कोविड हेल्पडेस्क की स्थापना के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिचित करनी होगी। शादी-विवाह के आयोजनों में 50 आमंत्रित व्यक्ति ही प्रतिभाग कर सकेंगे। सिनेमा हाल, स्टेडियम, स्विमिंग पुल, जिम, स्कूल, कालेज व शिक्षण संस्थान अग्रिम आदेश तक बंद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि रेलवे व रोडवेज बस स्टेशन पर शर्तो के साथ-साथ स्क्रीनिंग व एंटीजन टेस्टिंग चालू रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की प्रतिदिन की रिपोर्ट के आधार पर सक्रिय कोरोना केस 500 से अधिक हो जाएंगे तो कोरोना कर्फ्यू में मिली छूट स्वत: समाप्त हो जाएगी और गतिविधियों पर रोक लगा दी जाएगी।