लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में रहने वाले सीआरपीएफ के दरोगा के बेटे का शव घर में फंदे पर लटका मिला। पुलिस व परिजनों का कहना है कि उसने आत्महत्या की है, पर कारण का पता नहीं चल सका।
गाजीपुर जनपद के रहने वाले महेंद्र सिंह यादव सीआरपीएफ में एसआई पद पर श्रीनगर तैनात हैं। उनकी पत्नी शारदा देवी बेटे धीरज यादव (22) के साथ गोमतीनगर के अंबेडकरपुरम में रहती थीं। धीरज फार्मासिस्ट के कोर्स की तैयारी कर रहा था।
महेंद्र के मुताबिक छठपूजा पर वह छुट्टी लेकर लखनऊ आए थे और यहां से पत्नी को लेकर पैतृक गांव गाजीपुर चले गए। बेटा धीरज घर में अकेला था। बृहस्पतिवार सुबह वह लोग गांव से घर लौटे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर धीरज का शव अर्द्धनग्न हालत में फंदे पर लटका मिला।
पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने धीरज का मोबाइल फोन जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। पुलिस का कहना है कि धीरज ने फांसी लगाई है। कारण का पता लगाया जा रहा है।