शहर की जहानाबाद चौकी पर तैनात एक दरोगा का मासूम से बाइक की सफाई कराते हुए वीडियो रविवार को वायरल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सुनील कुमार सिंह ने सीओ सदर को जांच सौंपी है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो शहर के सुपर मार्केट स्थित पुलिस बूथ का है। पुलिस बूथ के पास खड़ी बाइक की एक मासूम सफाई करते दिख रहा है। साथ ही वहीं पर चौकी इंचार्ज रावेंद्र सिंह खड़े हैं। कहा जा रहा है कि यह बाइक चौकी इंचार्ज की और वह मासूम से अपनी मोटरसाइकिल की सफाई करा रहे हैं।
उधर, दरोगा की बाइक साफ कर रहे मासूम का वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। एसपी ने भी मामले का संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय को प्रकरण की जांच सौंपी गई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चौकी इंचार्ज मासूम से बाइक की सफाई करा रहा था या फिर मासूम स्वयं बाइक की सफाई कर रहा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।
कुछ लोगों ने दबाव बनाने के लिए फर्जी तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। उन्होंने किसी से अपनी बाइक की सफाई नहीं कराई है। आरोप पूरी तरह से झूठा है।
रावेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज, जहानाबाद