लखनऊ। मुमताज अनाथालय से किशोर के भागने के मामले की विभागीय जांच में बड़ी लापराही उजागर हुई है। इसके चलते अनाथालय का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने इसकी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस की तीन टीमें किशोर की तलाश में जुटी हैं।
बाल कल्याण समिति के आदेश पर 29 जनवरी को राजकीय बालगृह मोहान से 12 वर्षीय संवासी को अनाथालय लाया गया था। उसके साथ छह और बच्चे भी आए थे। 28 मार्च की सुबह करीब चार बजे संवासी अनाथालय की बाउंड्री कूदकर भाग निकला था।
मामले में सहायक प्रबंधक अदील अहमद सिद्दीकी ने थाने में केस दर्ज कराया था। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि वह जांच के लिए मौके पर गए थे। अनाथालय प्रशासन की लापरवाही से किशोर भागा है, इसलिए सख्त कार्रवाई होगी। इसका पंजीकरण निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
सात दिन से बंद था गेट पर लगा कैमरा
इंस्पेक्टर सुनील कुमार आजाद के मुताबिक अनाथालय के गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा सात दिनों से बंद था। वहां बने कंट्रोल रूम के कर्मचारी छुट्टी पर हैं। वहां ताला लगा हुआ है। कर्मचारियों के आने पर ही अन्य जगहों पर लगे कैमरों की फुटेज देखी जा सकेगी।
किशोर को थी कैमरा बंद होने की जानकारी
जानकारी के मुताबिक किशोर को इसका पता था कि अनाथालय के गेट पर लगा कैमरा बंद है। अमीनाबाद में मुमताज अनाथालय का संचालन अंजुमन इस्लाहुल मुस्लिमीन संस्था के तहत होता है।