महरुआ (अंबेडकर नगर)। स्थानीय पुलिस ने बुधवार को बैंकों व ग्राहक सेवा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ उन्हें कड़ी हिदायत दी गई। कहा गया कि बगैर कार्य के बैंक परिसर में यदि कोई नजर आया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। मॉस्क व सोशल डिस्टेंसिंग के पालन पर भी जोर दिया गया।
महरुआ थाना प्रभारी शंभूनाथ के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस कर्मियों ने विभिन्न बैंक शाखाओं व जनसेवा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया। बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों व आपातकालीन एलार्म की जांच की गई। बैंक में मिले उपभोक्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।
उपभोक्ताओं को हिदायत दी गई कि सभी कोरोना संक्रमण के संदर्भ में जारी दिशा- निर्देशों का सख्ती से पालन तय करें। यदि नियमों का पालन तय नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैंक परिसर में घूमते मिले लोगों से पूछताछ की गई। चेतावनी दी गई कि यदि बगैर कार्य के कोई टहलता मिला तो उसके विरुद्ध कार्रवाई तय की जाएगी।
वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। टीम ने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी लोग सजगता बरतें। जागरूकता के बल पर इस महामारी से छुटकारा पाया जा सकता है। इस मौके पर तमाम पुलिस कर्मी मौजूद रहे।