छावनी मड़ियाव प्राथमिक विद्यालय में मासूम से सफाई, शिक्षकों की मौजूदगी में उठे सवाल
लखनऊ। प्राथमिक विद्यालय छावनी मड़ियाव में सोमवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई जब विद्यालय परिसर में एक छोटी बच्ची झाड़ू और पोछा लगाती नजर आई। गौरतलब है कि सभी सरकारी विद्यालयों को खोलने का आदेश जारी हुआ है और शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। विद्यालय खुला, शिक्षक समय पर पहुंचे, लेकिन परिसर में सफाई करते हुए यह बच्ची दिखी। कुछ देर तक वह झाड़ू-पोछा करती रही, और इस दौरान परिसर में कूड़ा जलता भी देखा गया। बाद में शिक्षकों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को वहां से हटाया, लेकिन सवाल यह उठा कि आखिर वह बच्ची वहां सफाई क्यों कर रही थी?
यह घटना शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है। क्या विद्यालयों में सफाई के लिए नियुक्त व्यवस्था फेल हो चुकी है, या बच्चों से काम लेने की प्रवृत्ति अब भी जमी हुई है? स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।